भोपाल । विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। आगामी 17 नवंबर को प्रदेश में मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इस बीच तीज-त्योहार की रौनक रहेगी। चुनाव से ठीक पहले जहां दीपोत्सव है तो इससे पहले अक्टूबर में नवरात्र में गरबे की गूंज सुनाई देगी। बाजारों में नवदुर्गा की भक्ति के महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई है। पांडालों में माता की स्थापना के साथ गरबा पांडाल तैयार हो रहे हैं। इधर प्रशासन ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है।
त्योहार की शुरुआत 15 अक्टूबर नवरात्र पर माता रानी की घट स्थापना के साथ होगी। 37 दिनों के मध्य नवरात्र, विजयादशमी, शरद पूर्णिमा, करवा चौथ है। पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत 10 नवंबर से होगी। कालिका माता मंदिर सेवा मंडल ट्रस्ट की ओर से परिसर में रात्रि एवं सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गरबारास होते हैं। यहां नवरात्र के दौरान नौ दिन हवन के लिए तैयारी शुरू हो चुकी है। दीपोत्सव के दौरान महालक्ष्मी मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़़ती है। इसके अलावा कालिका माता मंदिर, सैलाना रोड राम मंदिर, इंद्रलोक नगर, स्टेशन रोड, गीता मंदिर, अम्बे चौक अलकापुरी आदि स्थानों पर गरबा रास के लिए बालिकाओं के पंजीयन के साथ पांडाल भी सजने लगे हैं।

गरबा आयोजन पर रहेगी नजरें
आचार संहिता के कारण नवरात्र में गरबा पांडालों से लेकर आयोजन स्थल पर प्रशासन खास निगाह रखेगा। आयोजनकर्ताओं को माता की स्थापना से लेकर गरबा आयोजन की अनुमति लेनी होगी तो रात्रि में लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध के कारण समय का ध्यान रखना होगा। सुबह 6 से रात्रि 10 बजे तक लाउड स्पीकर उपयोग की अनुमति दी जाएगी। रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक इसका उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंध की अवधि में उपयोग पाए जाने पर लाउड स्पीकर को जब्त कर लिया जाएगा।


आचार संहिता में त्योहार
- 15 अक्टूबर को नवरात्र स्थापना
- 22 अक्टूबर दूर्गा पूजा अष्टमी
- 23 अक्टूबर दूर्गा महानवमी पूजा
- 24 अक्टूबर को विजयादशमी
- 28 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा
- 01 नवंबर करवा चौथ
- 10 नवंबर धनतेरस
- 11 नवंबर त्रयोदशी
- 12 नवंबर दीपावली
- 13 नवंबर अमावस्या
- 14 नवंबर गोवर्धन पूजा
- 15 नवंबर भाईदूज, बिरसामुंडा जयंती
- 16 नवंबर से छठ उत्सव