भोपाल । श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर राजधानी में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चल रहा है।  इसी क्रम में आज भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। कोलार साई नाथ नगर मां दुर्गा मंदिर गायत्री चेतना केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सुबह 11 बजे मनाई जाएगी। भेल बरखेड़ा यादव समाज इस्कान मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी दोपहर 12 बजे मनेगी। इसी तरह कृष्ण मंदिर खजूरीकलां में जन्माष्टमी पर्व के मौके पर धार्मिक अनुष्ठान होंगे। समय : दोपहर दो बजे। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह का प्रादर्श श्रंखला के तहत सितंबर माह के प्रादर्श के रूप में जिला मधुबनी, बिहार के लोक समुदाय से संकलित मिथिलांचल क्षेत्र में प्रचलित तांबे के अनुष्ठानिक पात्र कलशा को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया है। आप इसे सुबह दस बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक देख सकते हैं।मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील समुदाय की चित्रकार ग्लोरिया भभोर के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 41वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी सितंबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है। मप्र उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग द्वारा अंश हैप्पीनेस सोसायटी के सहयोग से महिला कलाकारों के लिए 15 दिवसीय चारबैत कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला में उस्ताद मुख्तार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर जीपी बिड़ला संग्रहालय में भगवान श्रीकृष्ण और महाभारत विषय पर प्रदर्शनी और ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। 11 सितंबर तक प्रदर्शनी को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक देखा जा सकता है।