निवाड़ी ।   कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने शनिवार को चुनावी जनसभाओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा। बोले- उनको प्यार से विदा करेंगे, वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो क्या हुआ। बहुत अच्छे एक्टर है, वह मुंबई जाएंगे और एक्टिंग करेंगे तो मध्य प्रदेश का नाम रोशन ही करेंगे। कमल नाथ ने निवाड़ी और पृथ्वीपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया।

कमल नाथ बोले- नीयत ही खराब है

कमल नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह हर 10 माह में घोषणा करते हैं। एक लाख नौजवानों को रोजगार दूंगा, पर उनकी नीति तो छोड़िए, उनकी नीयत ही खराब है। ढाई हजार घोषणाएं उन्होंने पांच महीने में कीं। कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में मेरे पास साढ़े 11 महीने थे। मैंने नीति-नीयत का परिचय दिया, हमने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। बोले- मैं कांग्रेस सरकार में मंत्री था तो आठ हजार करोड़ का बुंदेलखंड पैकेज बनाया, परंतु यहां यह बुंदेलखंड घोटाला बन गया। किसी को कौड़ी भर का भी फायदा नहीं हुआ।