मॉस्को । रूसी अदालत ने यूक्रेन में संघर्ष के बारे में कथित रूप से गलत जानकारी हटाने में विफल रहने के लिए गूगल पर 30 लाख रूबल (32,000 डॉलर) का जुर्माना लगाया। खबरों के अनुसार अदालत ने पाया कि गूगल के स्वामित्व वाली यूट्यूब वीडियो सेवा ने संघर्ष के बारे में ‘गलत जानकारी’ वाले वीडियो को नहीं हटाया है। गूगल को उन वीडियो को नहीं हटाने का भी दोषी पाया गया, जो नाबालिगों के लिए उपयुक्त नहीं हैं। रूसी अदालत ने यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाइयों के बारे में ‘‘झूठी जानकारी’’ समझी जाने वाली सामग्री को हटाने में विफल रहने के लिए एप्पल और विकिपीडिया पर भी अगस्त की शुरुआत में जुर्माना लगाया था। रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन में सेना भेजने के बाद से, सैन्य अभियान की किसी भी आलोचना या सवाल उठाने वालों को दंडित करने के लिए कई उपाय किए हैं।