पटना । विपक्षी एकता की बैठक में शा‎मिल होने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे राजधानी पटना आ रहे हैं। इस बात की जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे 23 जून को सुबह 10 बजे राजधानी पटना पहुंच जाएंगे। जहां एयरपोर्ट से सीधे सदाकत आश्रम आएंगे। इसके बाद करीब एक 1:30 बजे तक वे आश्रम में रहेंगे। यहीं से उनका कार्यक्रम सीधा मुख्यमंत्री आवास पर जाने का है। जहां विपक्षी एकता को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस बात का ऐलान किया कि राहुल गांधी के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि 70 फीट का पंडाल बनाया जा रहा है। सदाकत आश्रम को पूरी तरह से सजाया जाएगा। पार्टी द्वारा राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के भव्य स्वागत के लिए सदाकत आश्रम में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
हालां‎कि लंबे समय से इस बात की चर्चा हो रही थी कि तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ सर्वदलीय बैठक कहां की जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा ‎कि यह बैठक मुख्यमंत्री आवास यानी एक अन्य मार्ग पर होगी। उन्होंने यह भी बताया की सदाकत आश्रम से ही कांग्रेस के तमाम नेता जिन्हें बैठक में हिस्सा लेना है वह मुख्यमंत्री आवास रवाना होंगे। सर्वदलीय बैठक के लगभग 2 घंटे चलने की संभावना है। जिसमें तमाम विपक्षी पार्टियां बीजेपी को केंद्र की सत्ता से बेदखल करने के लिए रणनीति तैयार करेंगी। माना जा रहा है यह गुप्त बैठक होगी। इस बैठक में क्या कुछ बातचीत हुई या विपक्ष की बैठक में क्या कुछ निकल कर आया यह मीडिया के सामने नहीं रखा जाएगा।