नई दिल्ली । संसद के मानसून सत्र के दौरान जहां एक ओर राहुल गांधी ने भारत माता की हत्या का आरोप लगाया, वहीं ‎बीजेपी की केन्द्रीय मंत्री स्मृ‎ति ईरानी ने राहुल पर फ्लाइंग ‎किस उड़ाने का भी आरोप लगाया। बता दें ‎कि सदन में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर दूसरे दिन की बहस राहुल गांधी के भाषण के साथ शुरू हुई। राहुल गांधी ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर मणिपुर में भारत माता की हत्या का आरोप लगाते हुए सत्ता पक्ष को देशद्रोही करार दिया। कहा, आप भारत माता के रखवाले नहीं, हत्यारे हो। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी के इस बयान पर सदन में जोरदार हंगामा मच गया। हालां‎कि देर रात सभापति के आदेश पर सदन के रिकॉर्ड से उनके इस बयान को हटा दिया गया। इसके अलावा, भाजपा द्वारा राहुल गांधी पर संसद के भीतर अभद्र व्यवहार (फ्लाइंग किस) का आरोप लगाया गया। जानकारी के अनुसार केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सदन में फ्लाइंग किस की भाव-भंगिमा प्रदर्शित करते हुए महिला सांसदों के प्रति अभद्र व्यवहार दिखाने का आरोप लगाया और उन्हें स्त्रियों से द्वेष रखने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि सदन में पहले कभी ऐसा आचरण नहीं देखा गया।
इस मामले को लेकर बाद में भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। गौरतलब है ‎कि लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित भारतीय जनता पार्टी की 20 महिला सांसदों के हस्ताक्षर वाले शिकायत पत्र में कहा गया है ‎कि हम आपका ध्यान आज सदन में केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी से संबंधित एक घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। उक्त सदस्य ने अभद्र आचरण प्रदर्शित किया और उस समय केंद्रीय मंत्री एवं सदन की सदस्य स्मृति ईरानी को लेकर अभद्र भाव-भंगिमा प्रदर्शित की जब वह सदन को संबोधित कर रही थीं।
इधर राहुल के ऊपर लगाए आरोपों का कांग्रेस ने किया है। इसे लेकर पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी कभी महिलाओं का अपमान नहीं करते हैं। राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने ईरानी पर राहुल-फोबिया से पीड़ित होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इससे बाहर निकलना चाहिए। टैगोर ने कहा, स्मृति ईरानी राहुल फोबिया से ग्रस्त हैं। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, स्मृति ईरानी जी, 78 दिन तक जब तक वो भयावह वीडियो नहीं आया तब तक आपने एक शब्द नहीं बोला। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी के भाषण को शानदार और उत्साहजनक करार दिया और कहा कि स्मृति ईरानी ने अपने ही पाले में गोल कर दिया।