जगदलपुर | कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार यानी 13 अप्रैल को छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ वह बस्तर में कांग्रेस के 'भरोसे के सम्मेलन' में शामिल होंगी। सम्मेलन में संभाग के सात जिलों से महिलाएं पहुंच रही हैं। साथ ही करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। लालबाग मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के लिए जवान तैनात हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस की ओर से रूट चार्ट भी जारी कर दिया गया है।

प्रियंका गांधी के बस्तर दौरे को देखते हुए कार्यक्रम की मॉनिटरिंग खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और आबकारी मंत्री कवासी लखमा कर रहे है। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की चूक ना हो इसके लिए दोनों नेताओ ने पहले से ही डेरा जमा लिया है। वहीं कार्यक्रम में शामिल होने नेताओ के बस्तर आने का सिलसिला शुरू हो गया है। सम्मेलन में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, मुख्यमंत्री विशेष सलाहकार राजेश तिवारी सहित बड़े नेता बस्तर पहुंच चुके हैं।

सम्मेलन में नेहरू-गांधी परिवार के बस्तर से जुड़े संस्मरणों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। ऐसे में बस्तर कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। फोटो प्रदर्शनी लगाने का उद्देश्य आदिवासियों और बस्तर से नेहरू गांधी परिवार के संबंधों के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देना है। प्रदर्शनी के लिए पुरानी तस्वीरों का संग्रह किया गया है। लालबाग मैदान जहां पंडित जवाहर लाल नेहरू ने सम्मेलन को संबोधित किया था। उसी स्थल के समीप प्रियंका गांधी के लिए मंच तैयार किया जा रहा है।