उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के तहत हुआ कार्यशाला का आयोजन
 
शब्द सारांश...

हरदा । युवाओं के बीच आकर उर्जा की अनुभूति होती है, राष्ट्र निर्माण के लिए सशक्त, क्षमतावान और स्वस्थ युवाओं की आवश्यकता है । हमारे युवाओं को केवल शारीरिक रूप से ही नहीं अपितु मानसिक और सामाजिक रूप से भी स्वस्थ होना चाहिए । इस दौरान होने वाली सामान्य मानसिक चिंताओं का समाधान कर लेना चाहिए अन्यथा भविष्य में यह बड़ी समस्या बन सकती हैं । यह बात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एच.पी.सिंह ने स्थानीय स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला में कही, उन्होने अपने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का महत्व भी बताया ।

कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ डॉ. दीपक ठाकुर एमडी मेडिसिन ने सामान्य मानसिक समस्याओं टेंशन में रहना, नींद नहीं आना, अकेलापन, आत्महत्या का विचार आना, नशा इत्यादि के समाधान के लिए जिला चिकित्सालय हरदा के कक्ष क्रमांक 09 में मनकक्ष बनाया गया है । इस मनकक्ष में डिप्रेशन, आधात, नशे की लत का उपचार व काउंसलिंग सेवाएं प्रदान की जाती हैं । 

कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी व्ही.के. बिछोतिया ने उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम की गतिविधियों में विद्यार्थियों को आगे बढ़कर भाग लेने की अपील की । तंबाकू के दुष्प्रभाव के बारे में डॉ. पियूष दोगने ने बताया । तंबाकू खाने अथवा पीने की आदत छोड़ने में स्वास्थ्य विभाग कैसे मदद करता है यह जानकारी दी गई । 

जिला समन्वयक राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आशीष साकल्ले ने बताया कि जिला चिकित्सालय परिसर में उमंग स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित किये गए हैं इन केन्द्रों पर काउंसलर के माध्यम से किशोर एवं युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य पर प्राथमिक स्क्रीनिंग, पोषण सुधार, प्रजनन स्वास्थ्य, संयमित जीवन शैली को अपनाने संबंधी सेवाएं प्रदान की जावेगी ।

जिला समन्वयक द्वारा उमंग केन्द्रों पर पदस्थ काउंसलर का विद्यार्थियों से परिचय कराया, जिला चिकित्सालय हरदा में पारूल काशिव, सीएचसी टिमरनी में दीपक गौर, सीएचसी हंडिया में निखिल चंद्रवंशी एवं सीएचसी खिरकिया में अजय मंडलेकर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं ।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे बसंत राजपूत ने युवाओं के स्वास्थ्य पर मोबाइल के दुरूपयोग के बारे में युवाओं को सचेत करने की बात रखी । मन कक्ष नर्सिंग ऑफिसर अंकित सिंह ने मनहित एप्प के लाभ की जानकारी देते हुए सभी के मोबाईल में मनहित एप्प डाउनलोड करवाई व उसका उपयोग करना सिखाया । जिला अधिकारी मनीष शकरगाए ने टेली मानस हेल्पलाईन 14416 के बारे में बताया ।

राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ आशा गायकवाड़ एवं राजेश गौर ने महाविद्यालय में एनएसएस की गतिविधियों के साथ उमंग हेल्थ वेलनेस गतिविधि को जोड़कर जागरूकता अभियान चलाने की बात रखी । प्राचार्य डॉ.संगीता बिले ने कार्यक्रम आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग को धन्यवाद देते हुए छात्रहित में एैसी गतिविधियों के निरंतर आयोजन का आगृह किया । कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं व स्टॉफ को नशा मुक्ति संबंधी शपथ सीएमएचओ डॉ.एच.पी.सिंह ने दिलाई ।

न्यूज़ सोर्स : Pro hospital