इंदौर ।   इंदौर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे और शाम करीब चार बजे से तेज वर्षा शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में सड़कें तालाब बन गई। बारिश के दौरान अंधेरा छा गया और वाहन चालकों को लाइट चालू करना पड़ी। शहर के निचले इलाकों में भी पानी भर गया। सड़कों पर भी घुटने-घुटने पानी था। शहर में रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है। शाम 4 से 7 बजे के बीच इंदौर में ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने इंदौर में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने शनिवार को स्कूलों में पहली से 12वीं तक छुट्टी घोषित कर दी। उत्तरी ओड़िशा के आसपास बने सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के कारण इंदौर में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग द्वारा इंदौर संभाग में भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इंदौर में 75 से 100 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना है।गौरतलब है कि गुरुवार देर रात 1.30 बजे बाद इंदौर में वर्षा की तेज बौछारें भी पड़ी। पिछले 24 घंटे एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर 8.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वही इंदौर जिले के महू तहसील में 21 मिलीमीटर और देपालपुर में 24.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। शुक्रवार सुबह शहर में धुंध का असर रहा और न्यूनतम दर्शयता 2500 मीटर दर्ज की गई। दिन में पश्चिम उत्तर पश्चिम हवाएं अधिकतम 29 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री दर्ज किया गया।

गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे और शहर में रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में पश्चिमी उत्तर पश्चिमी हवाएं अधिकतम 29 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। दिन में धुंध का असर रहा। सुबह न्यूनतम दृश्यता 1500 मीटर दर्ज की गई। इंदौर एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर रात 8.30 बजे तक 4.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं पिछले 24 घंटे में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं रीगल स्थित मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वेदर स्टेशन पर रात 8 बजे तक 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इंदौर में शुक्रवार को अच्छी वर्षा होगी। वहीं शनिवार को शहर में मध्यम से भारी वर्षा की स्थिति निर्मित होगी और उसके पश्चात शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होगी। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर इस मानसून सीजन में अब तक 819 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है।