भोपाल  ।    महिला सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण की अलख जगाने के साथ जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक नवम्बर 2022 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर राजगढ़ की रहने वाली आशा मालवीय ने एकल महिला साइकिल यात्रा भोपाल से प्रारंभ की थी। उनकी यह यात्रा 15 अगस्त 2023 को दिल्ली में संपन्न हुई। इस उपलब्धि पर मप्र की इस साहसी बेटी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन में भेंट की। मुख्यमंत्री शिवराज ने इस उपलब्धि के लिए आशा मालवीय को अंग-वस्त्रम भेंट कर सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने मध्यप्रदेश की बेटी आशा के बुलंद हौसले, साहस और यात्रा के उद्देश्य की मुक्त कंठ से सराहना की।

साइकिल से तय किया 25000 किमी का सफर

गौरतलब है कि आशा ने साइकिल से यात्रा कर 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 25 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा के दौरान उन्होंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, अधिकारियों, 5 लाख स्कूली छात्रों से भेंट की। इस साइकिल यात्रा के लिए आशा ने मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदत्त अत्याधुनिक जीपीएस युक्त रोम-2 हाइब्रिड साइकिल का इस्तेमाल किया।

इन राज्यों से होकर गुजरी साइकिल यात्रा

साइकलिस्ट आशा मालवीय की यात्रा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर (सेनापति बॉर्डर), मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, लद्दाख (कारगिल बॉर्डर) और राजस्थान से होते हुए दिल्ली में संपन्न हुई।