रायपुर। छत्तीसगढ़ में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव है। इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजपा वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने की नई पहल शुरू करने जा रही है। प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने टिफिन बैठक करने की तैयारी की है।

प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव बोले- हर राजनीतिक दल को अपना कार्यक्रम करने का अधिकार

माथुर 13 जून को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। राजनांदगांव में एनएच 53 पर सीआरसी बिल्डिंग का अवलोकन करने के बाद जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करेंगे और बाद में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक करेंगे। यहां से प्रस्थान कर माथुर मोहला के लाभार्थी सम्मेलन में शामिल होंगे। इसी दिन डोंगरगांव में होने वाली लोकसभास्तरीय आमसभा को संबोधित करेंगे।

हालांकि अभी भी प्रदेश के पदाधिकारी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं नेताओं के साथ लंच और डिनर कर रहे हैं मगर अब कार्यकर्ताओ की टिफिन बैठक का स्वरूप अलग होगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से टिफिन लेकर आएंगे और साथ में खाना खाएंगे। शीर्ष नेता अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को भोजन साझा करेंगे। राजनीतिक प्रेक्षक इसे चुनाव से पहले भाजपा की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने की पहल बता रहे हैं।

गौरतलब है कि चुनावी चर्चा के साथ भाजपा नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचा रहे हैं। महासंपर्क अभियान के बहाने जगह-जगह बैठक हो रही है। इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का कहना है कि हर राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम करने का अधिकार है। कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करना और चर्चा करना इसका उद्देश्य है।

कांग्रेस ने उठाया टिफिन पालिटिक्स पर सवाल

इधर, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने टिफिन पालिक्स पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के टिफिन पालिटिक्स का भाजपा परिवार के गृहिणियों ने ही बढ़ती महंगाई के चलते बहिष्कार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धरसींवा के कार्यकर्ताओं को टिफिन लेकर बैठक में बुलाया था। विरोध के बाद रेस्टोरेंट में खाने की व्यवस्था कर ओम माथुर के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई।

साव ने कहा- सफल कार्यक्रम से कांग्रेस पेट में दर्द

भाजपाध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भाजपा के सफल कार्यक्रम के कारण कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस सरकार के प्रति नाराज है। टिफिन बैठक जैसे कार्यक्रमों से कांग्रेस विचलित है।

धमतरी में शुरू हुई टिफिन बैठक

सोमवार को फिंगेश्वर में आयोजित ''टिफिन बैठक'' में धमतरी विधायक रंजना साहू, भाजपा प्रदेश मंत्री रामु रोहरा , प्रीतेश गांधी, अर्चना चौबे शामिल हुए। बैठक में केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यो को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।