छिंदवाड़ा ।  पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तहसील परिसर में पटवारियों की जारी हड़ताल को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और लूट-खसोट व कमीशन राज की सरकार को बड़े प्यार से विदा करेंगे। आपकी ग्रेड पे की वर्षों पुरानी मांग व पुरानी पेंशन बहाली की मांग पूरी होगी। कांग्रेस सरकार में पटवारियों का ग्रेड पे बढ़ा था तब से आज तक आप अपनी जायज मांगों की लड़ाई लड़ रहे हैं, अब आपको केवल तीन माह का इंतजार और कहना होगा।

सरकार बनते ही पुरानी पेंशन होगी लागू

छिन्दवाड़ा सहित सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी व अन्य जिलों के पटवारियों की जारी संयुक्त हड़ताल को सम्बोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि पटवारियों की 25 वर्ष पुरानी जो 28 सौ पे ग्रेड की मांग है, हमारी सरकार बनती है हम इसके आदेश देंगे, यह आदेश देने की बात नहीं है, यह तो न्याय की बात है। हम सरकार बनते ही पुरानी पेंशन जरूर लागू करेंगे और अधिकारियों, कर्मचारियों व सभी वर्गों के कल्याण के लिये समूचित कार्यवाही को प्राथमिकता देंगे।

घोषणा की मशीन डबल स्पीड पर चल रही

कमलनाथ ने कहा आज मप्र की तस्वीर सभी के सामने हैं, मैं नहीं कह रहा कि आप कमल नाथ का साथ देना, कांग्रेस का साथ देना किन्तु सच्चाई का साथ जरूर देना। आज सीएम शिवराज की घोषणा की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है और झूठ की मशीन भी डबल स्पीड में चल रही है, कहीं भी कुछ भी बोल दो देखा जाएगा। अनेक घोषणाएं और बड़े-बड़े घोटाले किये हैं।

हजार करोड़ रूपये का कर्ज लिया

कमलनाथ ने कहा 3 लाख 30 हजार करोड़ रूपये का कर्ज लिया है, इसका फायदा किसको मिला? पटवारियों को, आशा-उषा कार्यकर्ताओं या फिर अन्य कर्मचारियों को मिला। इसका फायदा किसको मिला आप सभी भली भांती जानते हैं। इन्होंने बड़े-बड़े ठेके दिये, एडवांस दे दिये और अपना कमीशन निकाल लिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश के साथ यही किया है।

मप्र पटवारी संघ जिला छिन्दवाड़ा के पदाधिकारी विगत 13 दिनों से आवास भत्ता, यात्रा भत्ता, ग्रेड पेय व अतिरिक्त हल्का भत्ता की मांग को लेकर हड़ताल पर है। कलम बंद कर हड़ताल पर बैठे पटवारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गर्मजोशी से फूल माल पहनाकर स्वागत किया।