भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय भोपाल के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव 2023 में हमीदिया महाविद्यालय का अत्याधुनिक विशाल सर्व सुविधायुक्त भवन बनाने और विदयार्थियों की आवश्यकता के अनुसार नए संकाय खोलने की घोषणा की। उन्होने कहा कि एप्रोच रोड और अन्य कार्य भी भवन निर्माण के स्थान के निर्धारण के बाद किए जाएंगे। यहां के पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान विद्यार्थियों के सुझावों पर जरूरी कदम उठाएंगे और कलेक्टर भोपाल, उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों से समन्वय कर इन कार्यों को पूरा कराया जायेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने अमृत महोत्सव 2023 को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के समक्ष यह विकल्प होता है कि वह या तो सामान्य जीवन जिए या देश और समाज के लिए बेहतर कार्य कर महान बनने का प्रयास करे। औरों के लिए जीना उपयोगी जीवन है। जीता वही है जो देश और समाज के लिए जीता है। स्वामी विवेकानंद ने यही प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सीनियर होने के नाते अपने जूनियर्स को यही संदेश देना चाहता हूँ कि जीवन में कुछ बड़ा और बेहतर करने की सोचें।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री चौहान स्वयं इस महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का लोकार्पण किया।

विद्यार्थी जीवन की यादों में खो गए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कॉलेज में सभी प्रेम से मिलते हैं। ऐसा लगता है दौड़ कर जाएं और दोस्तों से गले लग जाएं। मुख्यमंत्री चौहान ने बताया वे साइकिल से कॉलेज जाते थे। पहले सेफिया कॉलेज जाते थे बाद में हमीदिया। इस महाविद्यालय से अनेक हस्तियां निकली हैं। इनमें भारत के राष्ट्रपति रहे डॉ. शंकर दयाल शर्मा भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने डॉ. शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय से बाबूलाल गौर, कैलाश सारंग, लक्ष्मीनारायण शर्मा, नजमा हेपतुल्ला, के.एन. प्रधान, ओ.एन. श्रीवास्तव, जस्टिस फैजानुद्दीन, हसनात सिद्दीकी जैसी हस्तियां पढ़कर निकलीं।

चौहान ने कहा कि आज इस महाविद्यालय के परिसर में आकर अनेक यादें ताजा हो रही हैं।

साथियों की फरमाइश पर सुनाया गीत

मुख्यमंत्री चौहान ने संबोधन के प्रारंभ में गीत भी सुनाया "अहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तो, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तो...। मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व विद्यार्थियों और साथियों की फरमाइश पर एक अन्य गीत सुनाया - "नदिया चले, चले रे धारा, तुझको चलना होगा...।" इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान ने उन्हें भेंट किया गया वर्ष 1978 का फोटो भी देखा और यादें ताजा कीं। मुख्यमंत्री चौहान ने रमेश शर्मा "गुट्टू भैया" को भी याद किया। अक्सर "गुट्टू भैया" के भोजनालय पर भोजन भी करते थे। न्यू मार्केट में समता चौक और लिटिल काफी हाउस में मित्रों के साथ मिलने-जुलने और चर्चा के दौर चलते थे।

विवेकाननंद जी मेरे आदर्श

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारा जीवन देश और समाज के लिए उपयोगी होना चाहिए। विवेकानंद जी की ये पंक्तियां विद्यार्थियों को याद रखना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के अमृत वचनों को दोहराते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मनुष्य के लिए कोई कार्य असंभव नहीं। वह सब कार्य कर सकता है जो ठान लेता है।

साथियों को किया याद, कहा विद्यार्थियों का अनौपचारिक कार्यक्रम होगा

मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय के साथियों का बार-बार स्मरण किया। इनमें छात्र संघ अध्यक्ष रहे प्रेम ढींगरा, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के वर्तमान अध्यक्ष देवेन्द्र रावत, महेन्द्र सिंह बुंदेला, छोटा बाबू राय, सुरजीत चौहान और अनेक साथियों का उल्लेख शामिल है। इनमें से अनेक विद्यार्थी आज के महोत्सव में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज के महोत्सव के अलावा महाविद्यालय के पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ शीघ्र एक अनौपचारिक कार्यक्रम भी करेंगे। यह इस माह या फिर सितंबर में होगी। अतिथि विद्वानों के संबंध में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अतिथि विद्वानों के संबंध में चर्चा के उपरांत निर्णय लिया जाएगा।

पुस्तकालय भवन का लोकार्पण, कम्प्यूटर लैब का शुभारंभ

मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय परिसर पहुंचते ही एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों से भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान कैडेट्स की गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय की कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। उन्होंने परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। पुस्तकालय भवन का भी लोकार्पण किया। पुस्तकालय भवन विश्व बैंक परियोजना में निर्मित किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय परिसर में व्यायामशाला का भी निरीक्षण किया। हमीदिया महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर नर्तक की भूमिका में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया।

 पहले बैच के पहले विद्यार्थी देवी शरण जी का किया स्वागत

मुख्यमंत्री चौहान ने कालेज के प्रथम बैच वर्ष 1946 के विद्यार्थी रहे, सेवानिवृत्त अधिकारी देवी शरण सक्सेना जी का पुष्पहार से स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने महाविद्यालय के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य पुष्पलता चौकसे ने स्वागत उद्बोधन दिया। अमृत महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ सांसद वीडी शर्मा, प्रज्ञा सिंह ठाकुर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित, पूर्व विद्यार्थी भरत चतुर्वेदी, तपन भौमिक, पूर्व सांसद आलोक संजर और अनेक पूर्व विद्यार्थी उपस्थित थे।

 प्रारंभ में सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि इस महाविद्यालय ने मुख्यमंत्री चौहान का निर्माण किया है। इस संस्था को ऐसे कुशल नेतृत्व को तैयार करने का श्रेय जाता है। कार्यक्रम में उपस्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतन सुखाड़िया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का महाविद्यालय परिसर में लोकार्पण हुआ है। स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागो में भारत के ज्ञान केन्द्र होने और विश्व गुरु होने का प्रमाण प्रस्तुत किया था। शिक्षा पद्धति पर भावी पीढ़ी तैयार करने का दायित्व होता है। आज विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से अपनी सभ्यता, संस्कृति, अपने राष्ट्र और राष्ट्र की माटी से जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे भरत चतुर्वेदी ने कहा कि हमीदिया महाविद्यालय वर्ष 1964 से 1975 की अवधि में छात्र आंदोलनों के स्वर्ण युग का साक्षी है। मनोहर पाठक, दीपचंद यादव जैसे सक्रिय कार्यकर्ता इस महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे। इस महाविद्यालय को महारानी लक्ष्मी कन्या महाविद्यालय के भवन से परस्पर स्थानांतरित करने की मांग भी काफी पुरानी थी जो मुख्यमंत्री चौहान के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही पूरी हो सकी।