आज मां नर्मदा के आशीर्वाद से होगा कांग्रेस का चुनावी शंखनाद
प्रियंका गांधी वाड्रा गोलबाजार में सोमवार को करेंगी सभा को संबोधित


जबलपुर/भोपाल। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनवाने के बाद अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का फोकस मप्र पर है। प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर से कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। इसके लिए जबलपुर में सारी तैयारियां कर ली गई हैं। प्रियंका जबलपुर में मां नर्मदा की पूजा कर बहुसंख्य वोटरों को धार्मिक संदेश देंगी। इसके बाद बड़ी जनसभा का संबोधित करेंगी। इस रैली में दो लाख लोगों के आने की संभावना है।
गौरतलब है की कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी के लिए कमर कस लिया है। पार्टी ने 150 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं प्रदेश में  कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार के अभियान की शुरुआत महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पीसीसी चीफ कमलनाथ के गढ़ से करने जा रही है। इसके पहले 2018 विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने मालवा से चुनाव प्रचार अभियान का आगाज कर जबलपुर पहुंचे थे जहां उन्होंने मां नर्मदा का आशीर्वाद लेकर चुनावी सभा की थी उसी तर्ज पर इस बार पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मां नर्मदा का आशीर्वाद लेने के बाद चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। गोल बाजार शहीद स्मारक में 1 लाख वर्ग फीट में पंडाल लगाया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित कई दिग्गज भी शामिल होंगे। जिसके बाद प्रदेशभर में कांग्रेस की लहर शुरू होगी।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम
राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को जबलपुर पहुंचेगी। जिसके बाद वह डुमना एयरपोर्ट से सीधे हेलीकॉप्टर से आयुर्विज्ञान कॉलेज पहुंचेगी और ग्वारीघाट में मां नर्मदा की पूजन अर्चन करेंगी। जिसके साथ ही कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान आरंभ हो जाएगा। मां नर्मदा के पूजन अर्चन के बाद वह सीधे भंवरताल गार्डन पहुंचकर रानी दुर्गावती के प्रतिमा स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। फिर सभास्थल गोल बाजार शहीद स्मारक में सभा को संबोधित करेंगी।

दो लाख लोग होंगे रैली में शामिल
जगत बहादुर सिंह ने आगे बताया कि प्रियंका गांधी रैली स्थल के रास्ते में मौजूद रानी दुर्गावती की एक प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी, जिन्होंने मुगलों से लड़ते हुए शहादत प्राप्त की थी। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस रैली में कम से कम दो लाख लोग शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि आठ जिलों वाले जबलपुर संभाग के लोग खुद को भाजपा द्वारा उपेक्षित महसूस करते हैं। हमने इस क्षेत्र में पिछली बार अच्छा प्रदर्शन किया था। इस बार हम चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने जा रहे हैं।

कांग्रेस ने जबलपुर को क्यों चुना?
मध्य प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने कहा कि रैली महाकौशल में आयोजित की जा रही है क्योंकि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा वहां से नहीं गुजरी थी। उन्होंने कहा कि इस रैली से पड़ोसी विंध और बुंदेलखंड क्षेत्रों में कांग्रेस को मदद मिलेगी। इसके अलावा महाकौशल क्षेत्र में मजबूत सत्ता विरोधी लहर भाजपा सरकार के खिलाफ है और कांग्रेस के पारंपरिक आदिवासी मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा इस क्षेत्र में रहता है।

प्रदर्शन दोहराना चाहती है कांग्रेस
महाकौशल में 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को निराशा मिली थी। यहां की 38 सीटों में से भाजपा के पास सिर्फ 11 सीटें है, जबकि कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी। वहीं, 2013 में भाजपा ने महाकौशल में 13 सीटें जीती थी। कांग्रेस 2018 की जीत को दोहराना चाहती है। यहां 13 सीटें आदिवासियों और 3 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।  महाकौशल की सीटें सत्ता पर पहुंचने का रास्ता तय करती हैं। महाकौशल में आदिवासी वोटरों की अधिक संख्या है, यह कांग्रेस का वोटर है। जिनके कारण ही कांग्रेस ने 2018 में सत्ता में वापसी की थी। इसके बाद कांग्रेस की तरफ से विंध्य, मालवा-निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड में संभाएं होगी। इसमें पार्टी के बड़े नेता हिस्सा लेंगे। पार्टी ने बड़ी जनसभाएं करने की योजना बनाई है।

निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार
महाकौशल में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का परिणाम उत्साह जनक नहीं रहा। यहां जबलपुर और छिंदवाड़ा महापौर का चुनाव भाजपा हार गई। कमलनाथ के गढ़ में 18 साल बाद महापौर का चुनाव हार गई। वहीं, जबलपुर में 22 साल बाद भाजपा हारी। वहीं,  कटनी में भी निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति सूरी चुनाव जीती थी। हालांकि बाद में वह भाजपा में शामिल हो गई।

विंध्य क्षेत्र में कार्यकर्ताओं में भरेगा जोश
महाकौशल से सटा हुआ विंध्य क्षेत्र है। यहां के 7 जिलों में से भाजपा ने 30 में से 24 सीट पर जीत दर्ज की थी। यहां पर भाजपा लगातार फोकस कर रही है। अब कांग्रेस नेता दावा कर रहे है कि महाकौशल में प्रियंका की रैली से विंध्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा।