दो माह से वेतन न मिलने पर कर्मचारियों का आक्रोश

शब्द सारांश ब्यूरो 

हरदा। नगर पालिका में पिछले कई महीनों से चली आ रही वेतन विसंगतियों और दो माह से वेतन न मिलने को लेकर जमना जैसानी फाउंडेशन के तत्वावधान में कर्मचारियों द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सभी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह 1 से 10 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से दिए जाने की मांग की गई।

कर्मचारियों ने बताया कि नवंबर माह का वेतन आज दिनांक तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे वे बैंक लोन, बच्चों की फीस एवं घरेलू खर्चों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। समय पर वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

मजदूर नेता अनिल वैद्य ने कहा कि कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचकर पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जो शासन के नियमों का सीधा उल्लंघन है। शासन के निर्देशानुसार कर्मचारियों का वेतन हर माह 1 तारीख को किसी भी स्थिति में दिया जाना चाहिए।

जमना जैसानी फाउंडेशन के शांति कुमार जैसानी ने कहा कि पास की टिमरनी नगर पालिका में समय पर वेतन का भुगतान किया जा रहा है, फिर हरदा नगर पालिका में ऐसी स्थिति क्यों बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी निर्धारित 8 घंटे से अधिक समय तक कार्य करते हैं, फिर भी उनका वेतन कम है और ऊपर से समय पर भुगतान न होने से जीवन-यापन बेहद कठिन हो गया है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी माह से वेतन समय पर नहीं दिया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।

न्यूज़ सोर्स : Shanti Jeshni