यूनियन कार्बाइड का कचरा जलना शुरू, असर को कम करने चूने को मिक्स कर 9-9 किलो के पैकेट मिलाये जा रहे

इंदौर: पीथमपुर में दोपहर बाद यूनियन कार्बाइड का कचरा जलाना शुरू हो गया। तीन दिन में दस टन कचरा जलाया जाएगा। दो इंसिनरेटर में 800 और 1200 डिग्री तापमान रखकर उनमें कचरा जलाया गया। इससे जो राख बचेगी, उसे पीथमपुर में ही रामकी प्लांट में लैंडफिल किया जाएगा। 30 टन के ट्रायल रन की रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की जाएगी। संभागायुक्त दीपक सिंह ने बताया कि कचरा जलाने के दौरान नतीजों का आकलन किया गया। निष्पादन के दौरान कोई दिक्कत नहीं आई तो प्रक्रिया जारी रहेगी। हाईकोर्ट के निर्देशों में भी इसका जिक्र है। इससे पहले कचरा जलाने की प्रक्रिया सुबह दस बजे शुरू हो गई थी। कचरे में चूना मिलाकर 9-9 किलो के पैकेट बनाए गए हैं। चूने के जरिए जहर के असर को कम करने की कोशिश की जा रही है। इंसिनरेटर को सुबह से ही गर्म किया गया। तापमान 900 डिग्री से ज्यादा पहुंचने पर कचरे को इंसिनरेटर में डाला गया। कंपनी के नजदीकी गांवों और आसपास के इलाकों में 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। गांव में दो एंबुलेंस भी घूम रही हैं।
कोर्ट के निर्देश पर कुल 30 टन कचरा जलाया जाएगा। इस ट्रायल रन की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। उसके बाद बचा हुआ कचरा जलाया जाएगा। भोपाल से 12 कंटेनर में कुल 337 टन कचरा इंदौर लाया गया है। इन कंटेनर को 57 दिनों तक पीथमपुर में रखा गया है। फिलहाल पांच कंटेनर खोले गए हैं। धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कचरा जलाने की प्रक्रिया जारी है। दस टन कचरे का निस्तारण करने में तीन दिन लगेंगे। हाईकोर्ट द्वारा तय मापदंडों के अनुसार कचरे का ट्रायल रन किया जा रहा है।
जांच में कैंसर नहीं मिला तो सार्वजनिक तौर पर मांगूंगा माफी-पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यूनियन कार्बाइड कचरा निस्तारण मामले पर कहा, "सरकार यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर कोर्ट का बहाना बना रही है... अगर सरकार इस कचरे को उठाकर वहां (इंदौर के पीथमपुरा) ले गई तो इसका मतलब है कि इसके पीछे सरकार और सरकारी नेताओं ने आर्थिक हित छिपाए थे। इंदौर शहर ने लगातार उन्हें (भाजपा को) सांसद, विधायक और महापौर दिए हैं लेकिन भाजपा ने बदले में भावी पीढ़ी को कैंसर दिया है। मैं स्थानीय नेताओं और प्रशासन को चुनौती देता हूं। रामकी कंपनी के आसपास के 10 किलोमीटर के भूजल की जांच करके देखें कि उसमें कैंसर के तत्व हैं या नहीं... मैं इंदौर शहर से अनुरोध करता हूं कि आपने अपना वोट भाजपा को दिया, जिसने बदले में आपको कोरोना काल में प्रताड़ित किया, आपको कैंसर का कचरा दिया, आपको भ्रष्टाचार का जहर दिया। हम अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, लेकिन हमें आपका सहयोग चाहिए। अगर इसमें 10 किलोमीटर का भूजल नहीं मिला तो मैं सार्वजनिक तौर पर माफी मांगूंगा।"
जीतू के बयान पर सीएम बोले- यह जहर कांग्रेस की देन है
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी अपनी समझ के हिसाब से काम कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को देखा है। यह जहर कांग्रेस की देन है। वे बीमारियां फैलाते हैं। गैस हादसा कांग्रेस सरकार के समय हुआ था। यह उनकी लापरवाही थी। घटना के बाद वे कचरा यहीं छोड़कर चले गए। कांग्रेस को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।